पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एनएसयूआई व एबीवीपी गेट-ऑफिस में जड़े ताले, कॉलेज का सरकारीकरण न होने पर बवाल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दौलतपुर चौक। कॉलेज के पूर्ण सरकारीकरण को लेकर एनएसयूआई व एबीवीपी ने एकजुटता दिखाते हुए आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है। बुधवार को दोनों संगठनों के नेताओं ने प्रिंसिपल आरपी भारद्वाज के ऑफिस में ताला लगा दिया। साथ ही कॉलेज के मेन गेट पर भी तालाबंदी कर दी। इस दौरान स्टूडेंट्स ने प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। एनएसयूआई व एबीवीपी कार्यकर्ताओं के तेवरों को देखते हुए प्रिंसिपल ने प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलने पर अंब के एसडीएम चिंरजी लाल और डीएसपी जितेंद्र चौधरी कॉलेज परिसर में पुलिस टीम के साथ पहुंचे तो एनएसयूआई व एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें मेन गेट से आगे नहीं जाने दिया। गुस्साए स्टूडेंट्स ने एसडीएम और डीएसपी गो बैक के नारे लगाए। इस बीच दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स को समझाया, फिर ही दोनों अधिकारियों की कॉलेज में एंट्री हो पाई। इसके बाद अधिकारियों ने प्रिंसिपल ऑफिस का ताला खुलवाया। बाद में उन्होंने प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स की मांग को गौर से सुना और डीसी अभिषेक जैन के माध्यम से सीएम वीरभद्र सिंह तक बात पहुंचाने का भरोसा दिलाया। प्रदर्शन के चलते बुधवार को कॉलेज में पढ़ाई पूरी तरह बाधित रही। एनएसयूआई के इकाई अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा कि जब तक कॉलेज का पूर्ण सरकारीकरण नहीं होता, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है। एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष सुमित सिंह ने कहा कि संगठन कॉलेज के पूर्ण सरकारीकरण के मसले पर पूरी तरह एनएसयूआई के साथ खड़ा है। उन्होंने कि वीरवार से एबीवीपी व एनएसयूआई संयुक्त रूप से आंदोलन को तेज किया जाएगा।

चक्का जाम की धमकी

दोनों छात्र संगठनों ने जिला प्रशासन को चक्का जाम करने की धमकी दे डाली है। उन्होंने कहा कि अगर 18 सितंबर को सुबह 11 बजे तक डीसी अभिषेक जैन उनकी मांगें सुनने कॉलेज नहीं आए तो स्टूडेंट्स दौलतपुर-तलवाड़ा मार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा। इसकी पूरी जि मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

कांग्रेस-भाजपा समर्थन में

गगरेट कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बलवंत परमार, पूर्व महासचिव वेद पराशर, युकां अध्यक्ष विजय ठाकुर और मनु शारदा ने भी प्रदर्शनकारी स्टूडेंट्स का समर्थन किया है। कॉलेज के पूर्ण सरकारीकरण पर गगरेट भाजपा ने भी छात्र आंदोलन का समर्थन किया है। गगरेट हलके से भाजपा प्रत्याशी रहे सुशील कालिया ने कहा कि पूर्ण सरकारीकरण न होने से स्टूडें्स महंगी शिक्षा पाने के लिए विवश हैं। छात्रहित में सरकार पूर्ण सरकारीकरण की अधिसूचना जल्द जारी करे। अगर सरकार ने ऐसा नहीं किया तो गगरेट भाजपा भी आंदोलन करेगी।
फोटो- मेन गेट पर ताला जड़ कर नारेबाजी करते एबीवीपी और एनएसयूआई कार्यकर्ता।