शिमला। वर्ल्ड हेरिटेज ट्रैक पर रोमांच का सफर इस बार 20 दिन पहले ही शुरू हो गया। पर्यटकों की भारी डिमांड के चलते रेल विभाग ने 28 सितंबर को कालका स्टेशन से हरी झंडी दिखा दी। रविवार को पहले दिन दोनों हॉलीडे स्पेशल ट्रेनें एडवांस बुकिंग के चलते फुल पैक रही। फेस्टिवल सीजन को देखते हुए इस बार दिवाली तक एडवांस बुकिंग बताई जा रही है।
जम्मू-कश्मीर में बाढ़ के चलते पर्यटकों का रुख हिमाचल की ओर हुआ है और इस बार 15 अक्टूबर से पहले ही ट्रेनों का चलाना पड़ा। प्रतिवर्ष दोनों हॉलीडे स्पेशल दिवाली तक चलाई जाती है, मगर इस बार पर्यटकों का भारी रश देखते हुए ट्रेनों को नवंबर माह के बीच तक चलाने की आशंका जताई जा रही है।
दो हॉलीडे स्पेशल
रेल विभाग ने दो हॉलीडे स्पेशल ट्रेनों को रविवार को रवाना किया। पहली हॉलीडे स्पेशल 52451 ए (डुप्लीकेट शिवालिक) कालका स्टेशन से रविवार सुबह 6:30 पर शिमला के लिए रवाना हुई। इसने दोपहर 12 बजे शिमला रेलवे स्टेशन पर पर्यटकों को पहुंचाया। जबकि, दूसरी हॉलीडे स्पेशल (52443) को दोपहर 12:45 पर कालका स्टेशन से रवाना किया गया, जो शाम 6 बजे शिमला पहुंची। यह रोजाना इसी समय पर चलेगी।
12 छुट्टियां होंगी अक्टूबर में
फेस्टिवल सीजन में इस बार 12 छुट्टियां हाेंगी। लिहाजा शिमला में पर्यटकों का भारी रश रहने के आसार हैं। दुर्गाष्टमी, दशहरा, गांधी जयंती, दिवाली, विश्वकर्मा डे, भाई दूज, बकरीद आदि त्योहारों पर छुट्टियां हैं। लिहाजा सभी छुटिट्यों पर हॉलिडे स्पेशल की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
यहां करवाएं बुकिंग
दोनों हॉलीडे स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग आॅनलाइन करवाई जा सकती है। वहीं, रेलवे स्टेशन पर भी बुकिंग की सुविधा है। इसके अलावा शिमला के स्कैंडल प्वाइंट के समीप पर्यटक सूचना केंद्र के साथ भी रेल आरक्षण केंद्र स्थापित है।