पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

सुजानपुर में खाेला जाए स्थाई बस स्टैंड, होली उत्सव में हो सकती है घोषणा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हमीरपुर। नए बने सुजानपुर उपमंडल के तहत नगर परिषद एरिया में स्थाई बस अड्डे का मामला फिर गरमा गया है। इस समय वार्ड-2 के पास सुजानपुर-टीहरा रोड के एक छोर में बस स्टैंड चलाया जा रहा है, जिसे डोली के पास शिफ्ट करने की मांग के बाद अब यह मामला राजनीति रंग भी लेने लगा है।
बीते दिनों व्यापार मंडल के स्वागत समारोह में भी यह देखने को मिल चुका है। यहां स्थाई बस स्टैंड बनाने की मांग को आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सामने रखा था। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय होली मेले सुजानपुर के दौरान सुजानपुर बस अड्डे की सरकार घोषणा कर सकती है। इन्हीं चर्चाओं के बाद सुजानपुर में जरूर अब मामला गर्माया है।

वर्षों से उठाया जा रहा मुद्दा

पूर्व परिवहन मंत्री स्व. ठाकुर जगदेव चंद के समय भी यह मामला काफी गर्माया था। तब स्थानीय लोगों के विरोध पर बात सिरे नहीं चढ़ पाई थी। मौजूदा समय में जहां यह चल रहा है, वहां बसों की बढ़ती तादाद के कारण स्पेस की कमी खलती रही है। टीननुमा शैड में एचआरटीसी पर्ची काउंटर चला रहा है। इसी आधार पर शहर के बाहर डोली में इसे बनाने के लिए भूमि की तलाश भी शुरू हुई, वहां भूमि पर्याप्त भी बताई गई। वार्ड-3 के लोगों ने भी वहां बस स्टैंड बनाने की मांग को जोर से उठाया। इसी दौर में अब व्यापार मंडल व भाजपा भी सामने आकर इसे शिफ्ट करने के मामले पर विरोध जताने लगी हैं।
क्या कहते हैं लोग
सुजानपुर मंडल भाजपा के महामंत्री अंकुश गुप्ता का कहना है कि स्थाई बस स्टैंड बनाना बेहद जरूरी है, लेकिन डोली में जिस जगह इसकी बात हो रही है, उसका भाजपा विरोध करेगी, क्योंकि वहां महिलाओं को आना-जाना मुश्किल होगा। व्यापार मंडल सुजानपुर के अध्यक्ष विमल जैन का कहना है कि सुजानपुर के भीतर ही बस स्टैंड बनाया जाना चाहिए। मांग को आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा के समक्ष उठाया गया है।
(सुजानपुर का अस्थाई बस स्टैंड।)