पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पिता की मौत कैसे हुई, सच जानने स्थानीय लोगों के साथ बेटी ने किया सड़क पर प्रदर्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धर्मशाला। धर्मशाला के समीपवर्ती गांव सिद्धबाड़ी में 9 सितंबर को जिला चंबा के चुनाव अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या की जांच को लेकर जनता का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। शनिवार को मृतक की बेटी अर्शीया ने अपने पिता को न्याय दिलाने के लिए स्थानीय लोगों व स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ गयूतो तांत्रिक विश्वविद्यालय सिद्धबाड़ी के प्रवेश द्वार से लेकर धर्मशाला सचिवालय स्थित डीसी कार्यालय तक रोष प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई। मृतक नवजीवन मनकोटिया की सात वर्षीय अर्शीया मनकोटिया ने मोमबत्ती जलाकर श्रद्धांजलि दी। रोष प्रदर्शन में मृतक की पत्नी सहित परिवारजन भी सम्मिलित थे।

उनकी मांग थी कि हत्यारों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने दी जाए। रोष प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने डीसी सी पालरासू के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि 9 सितंबर 2014 को सिद्धबाड़ी में नवजीवन मनकोटिया की कुछ अज्ञात लोगों द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी और शव को एक तीन मंजिला मकान के नीचे फेंक कर फरार हो गए। फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा किए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी स्पष्ट है कि मृतक को सिर से लेकर पैरों तक कई चोटें आई हैं। मृतक का एक जूते को भी पुलिस ढंूढ नहीं पाई है, जबकि उस द्वारा पहनी टी-शर्ट भी घटनास्थल से काफी दूरी पर मिली थी। इन सब साक्ष्यों के बावजूद पुलिस की धीमी गति से की जा रही जांच से असंतुष्ट होकर परिजनों को स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से आज न्याय के लिए सडक़ों पर उतरना पड़ा।
मृतक के परिजनों ने डीसी से गुहार लगाई कि मृतक की पत्नी को अनुकंपा योजना के तहत शीघ्र नौकरी दी जाए। डीसी ने आंदोलनरत परिजनों को हत्यारों को शीघ्र पकडऩे का आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस संबंध में आईजी उत्तरी रेंज व अनुकंपा के आधार पर डीसी चंबा से मामले को शीघ्र सरकार के समक्ष भेजने का आग्रह करेंगे। मृतक तहसीलदार नवजीवन मनकोटिया चुनाव आयोग के दिल्ली में प्रशिक्षण के लिए चंबा से दिल्ली जा रहा था, जिसके चलते वह यात्रा के दौरान छुट्टी पर घर आ गया था।
फोटो- जिला चंबा के चुनाव अधिकारी की धर्मशाला के गांव सिद्धबाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या की जांच को लेकर शनिवार को धर्मशाला सचिवालय स्थित डीसी कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाते परिजन व स्थानीय लोग।