पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अब 15 की जगह 35 हजार आय पर भी ले सकेंगे योजना से फायदा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हमीरपुर। समाजिक सुरक्षा पेंशन, गृह अनुदान योजनाओं की पात्रता के लिए न्यूनतम वार्षिक आय सीमा 15 से बढ़ा कर 35 हजार कर दी गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा निर्धन तथा गरीब लोगों को लाभाविंत किया जा सके। यह बात सीपीएस इंद्र दत्त लखनपाल ने बड़सर के उसनाड़ कलां में प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत दी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार समाज के कमजोर वर्गों के आर्थिक सामाजिक उत्थान को विशेष प्राथमिकता दे रही है ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन 450 से बढ़ाकर 550 रुपए किया गया है वहीं 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को जीवन यापन के लिए एक हजार रुपए प्रतिमाह सुरक्षा पेंशन का प्रावधान करने के साथ-साथ गरीब पात्र लोगों को गृह निर्माण के लिए 75 हजार के अनुदान का प्रावधान किया गया है।

एसडीएम अक्षय सूद ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए प्रशासन जनता के द्वार पर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन से जहां दूरदराज के क्षेत्रों के ग्रामीणों के धन एवं समय की बचत होती है तथा लोगों के घर द्वार पर ही समस्या हल करवाने के अवसर प्राप्त होते हैं जिससे उन्हें उपमंडल तथा जिला मुख्यालय के चक्कर काटने से निजात मिलती है।

मौके पर निपटाए मामले

शिविर के दौरान विभिन्न मदों से संबंिधत 120 मामले जनता द्वारा प्रस्तुत किए गए, जिनमें अधिकांश का निपटारा मौके पर किया गया तथा शेष को संबंधित विभागों को निपटारे के लिए भेज दिया गया। इस अवसर पर नरेश लखनपाल, विशाल शर्मा, अमीं चंद, मदन लाल, वार्ड पंच पुरुषोत्तम, डीपी अग्रिहोत्री, उधो राम, बासु देव, सीता राम चौहान, प्रीतपाल सिंह के अतिरिक्त सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।