कुल्लू। 3 से 9 अक्टूबर तक आयोजित किए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कुल्लू दशहरा उत्सव में दुनियां के 12 देशों के कलाकार अपनी सांस्कृतिक छटा बिखेरेंगे। एक दर्जन देशों के सांस्कृतिक दस्तों ने दशहरा उत्सव में आने और प्रस्तुति देने के लिए हामी भर दी है। लिहाजा, इस बार की सांस्कृतिक संध्याओं को और रंगीन बनाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि दशहरा उत्सव की सात संध्याओं में बॉलीवुड स्टार कलाकार कौन होंगे इसको लेकर दशहरा उत्सव समिति ने खुलासा नहीं किया है, लेकिन विदेशों से आने वाले कलाकारों को फाइनल कर दिया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही बॉलीवुड, पार्श्व, पंजाबी, गजल आदि गायकों की सूची भी जारी कर दी जाएगी। फिल्हाल अंतररााष्ट्रीय लोकनृत्य दशहरा उत्सव में हिमाचल और भारत के 15 अन्य राज्यों के लोक कलाकारों के अलावा 12 विदेशी दलों के आने पर अंतिम मुहर लग चुकी है।
इन देशों के कलाकार बिखेरेंगे छटा
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान रूस, यूक्रेन, थाईलैंड, श्रीलंका, मिश्र, लाटविया, भूटान, टर्की, नेपाल, बांग्ला देश, बुरूंडी और कीनिया के कलाकार अपने-अपने देशों की संस्कृति की झलक दिखलाएंगे। कुल्लू और हिमाचल प्रदेश के अन्य जिलों के कलाकारों के अलावा मणिपुर, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, असम, पंजाब, गुजरात, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडू, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान,
जम्मू-कश्मीर, उड़ीसा और झारखंड के लोक कलाकारों भी लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
कई स्थानीय कलाकारों को भी निमंत्रण
दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त राकेश कंवर ने सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि लोकनृत्य उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में दर्शकों के भरपूर मनोरंजन के लिए दशहरा उत्सव समिति ने कई जाने-माने कलाकारों को आमंत्रित करने का निर्णय लिया है। लोकनृत्य उत्सव को व्यापक स्वरूप प्रदान करने के लिए विभिन्न देशों व भारत के राज्यों के कलाकारों को भी बुलाया जा रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति की बैठक में एडीएम विनय सिंह ठाकुर, नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष मनु शर्मा, कांग्रेस पार्टी के मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शानू और अन्य सदस्यों ने भी भाग लिया।