ऊना। अंब उपमंडल के गोंदपुर बनेहड़ा में शनिवार रात अज्ञात शातिरों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम तोड़ डाला। हालांकि उनका चोरी करने का प्रयास असफल रहा है। लेकिन उन्होंने एटीएम को बुरी तरह तोड़ डाला है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात गोंदपुर बनेहड़ा में अज्ञात शातिरों ने एसबीआई के एटीएम को गैस कटर की मदद से तोड़ डाला। हालांकि शातिर एटीएम को तोड़ कर उसमें रखे रुपयों तक भी पहुंच गए थे लेकिन वे अचानक रुपयों को छोड़ कर भाग खड़े हुए। एटीएम की सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश लोगों को एटीएम तोड़ते देखा गया है। इसी दौरान उनके अचानक बाहर की ओर देखकर मौके से भाग निकलने की फुटेज भी मिली है।
एसबीआई ब्रांच मैनेजर नंद रानी ने बताया कि एटीएम में रखा कैश सुरक्षित है। लेकिन एटीएम को काफी नुकसान पहुंचा है। इस बारे में डीएसपी अंब जितेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
फोटो- गोंदपुर बनेहड़ा में एटीएम को तोडऩे में जुटा नकाबपोश।