शिमला। लक्कड़ बाजार में चोरों ने दिन के समय में घर में सेंधमारी कर सोने के गहनों सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर लिया है। पुलिस अभी चोरी के पुराने मामलों में तथ्य ही जुटा रही थी कि चोर गिरोह ने लक्कड़ बाजार में स्थित घर में चोरी की एक और वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मीनाक्षी पौने 12 बजे के करीब माथा टेकने के लिए राम मंदिर के लिए गई थी। शाम को चार बजे के करीब वह अपने घर लौटी। मीनाक्षी ने जैसे ही घर का दरवाजा खोला तो सारा समाना बिखरा हुआ पड़ा था। उसने अपने सोने के गहनों काे चैक किया तो वह अपने स्थान पर नहीं थे। महिला ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। पुलिस के मुताबिक चोर पिछले दरवाजे से अंदर आए थे। चोरों ने घर के पीछे मौजूद लकड़ी की सीढ़ियों का एक फट्टा निकाला और उसके बाद घर के पिछले दरवाजे के अंदर घुस गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन कोई पुख्ता सुराग हाथ नहीं लगा। डीएसपी बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। चोराें की तलाश की जा रही है।
चोर चुस्त, पुलिस हुई सुस्त
भास्कर न्यूज | शिमला
शहर में पिछले डेढ़ माह में 18 से अधिक घरों में चोरियां हो चुकी हैं। कई चोरियों की वारदातें दिनदहाड़े अंजाम दिया गया। चोरों ने आम नहीं बल्कि कई आईएएस अफसरों के घरों में भी चोरी की। दिनदहाड़े हो रही चोरियों के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। रातड़ देवता मंदिर में हुई चोरी की वारदात के अलावा शिमला पुलिस एक भी वारदात को सुलझा नहीं पाई है। चोरियों की जांच में लगी पुलिस टीमों के हाथ अभी तक खाली हैं। रातड़ देवता मंदिर में हुई चोरी के मामले को सुलझाने के अलावा पुलिस किसी भी चोरी की वारदात के मामले में रिकवरी नहीं कर
पाई है।
ओकओवर के पास हुई चोरी
चोरों ने शहर के घराें में दिन के समय में सेंधमारी कर चोरियों की वारदातों को अंजाम दिया है। चाेर इतने शातिर हैं कि एक ही दिन में दो वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। यहां तक के मुख्यमंत्री के आवास के आसपास का इलाका भी सुरक्षित नहीं रह गया है। जबकि यहां पर सीएम का आवास होने के कारण पुलिस का पहरा भी अधिक रहता है।
18 घरों से लाखों चोरी
दो महीने के दौरान चोरों ने शहर के 18 से अधिक घरों को अपना निशाना बनाया है। 7 अगस्त को सदर थाना के तहत एक घर में चोरी कर लाखों के गहने साफ, 9 अगस्त न्यू शिमला में घर से सोने के गहने और नगदी, ढली से गाड़ी चोरी, 10 अगस्त को भट्टा कुफर से एक गाड़ी चोरी, 11 को बालूगंज में, 12 को छोटा शिमला और ढली में, 19 को बालूगंज, 23 को छोटा शिमला, 29 को छोटा शिमला, 3 सितंबर को छोटा शिमला और सदर पुलिस थाना के तहत में घर से लाखों के जेवर चोरी, 6 को बालूगंज और सदर थाने के तहत घरों से लाखाें का सामान चोरी 8 को दो घराें में चोरियां, 9 छोटा शिमला के तहत घर में चोरी के मामले पेश आए हैं। इनमें से पुलिस एक भी मामले को सुलझा नहीं पाई है।