सोलन/कंडाघाट। वाकनाघाट से करीब आठ किलोमीटर दूर पलाह गांव में साथ लगते गांव के एक अधेड़ की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने सुबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की।
घटना मंगलवार रात की है। बुधवार को किसी ने फोन पर मामले की पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और जय गोपाल का शव बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि एक अन्य की पुलिस तलाश कर रही है।
बताया जा रहा है कि जय गोपाल मजदूरी का काम करता था। बुधवार को किसी ने फोन कर मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कंडाघाट पुलिस पलाह गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सूचना मिलने पर डीएसपी हेमंत ठाकुर भी मौके पर पहुंचे। जुन्गा से आई फोरेंसिक की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। डीएसपी हेमंत ठाकुर ने बताया कि अभी तक की पूछताछ में यह पता चला है कि हत्या की घटना रूपलाल के किचन में हुई है। इस दौरान कुछ और लोग भी वहां मौजूद थे। शव की चमड़ी जली हुई है। इससे पता चलता है कि हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई है। इस मामले में पुलिस ने अभी तक रूपलाल को कस्टडी में लिया है, जिसके घर में हत्या हुई है।