शिमला। पूर्व मंत्री रंगीलाराम राव को प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के पद पर तैनाती दी है। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। सरकाघाट से पार्टी टिकट पर चुनाव लड़े रंगीला राम राव इस बार हार गए थे।
इनकी तैनाती के लिए काफी समय से चर्चा चल रही थी, लेकिन इनकी तैनाती में काफी अभी तक नहीं हो सकी थी। हालांकि सरकार की आेर से पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर आैर गंगू राम मुसाफिर की तैनाती पहले ही की जा चुकी है।
राव की तैनाती की मांग मंडी आैर इनके चुनाव क्षेत्र के लोगों की आेर से मुख्यमंत्री के समक्ष की जा रही थी। इस पद पर कांग्रेस की पहले की सरकार में वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष बीबीएल बुटेल भी रह चुके हैं। हिमाचल के मुख्य सचिव पी मित्रा ने इनकी तैनाती की अधिसूचना जारी होने की पुष्टि की है।
कैबिनेट दर्जा भी दिया
हिमाचल सरकार ने इन्हें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार के रूप में तैनाती दी है। इसके साथ ही इन्हें कैबिनेट का दर्जा भी दिया है। इससे पहले मेजर विजय सिंह मनकोटिया, रामलाल ठाकुर आैर गंगू राम मुसाफिर को सरकार ने ताजपोशी के साथ कैबिनेट दर्जा दे रखा है।