पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पार्षदों ने नप अध्यक्ष को घेरा कार्यालय में जड़ दिया ताला

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मंडी। नगर परिषद की शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने की योजना और विकास कार्यों को ठप होता देख पार्षद लामबंद हो गए हैं। पार्षदों ने सामूहिक रूप से नगर परिषद अध्यक्ष का घेराव कर उसके ऑफिस में ताला जड़ दिया। इसे बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोला। उग्र हुए पार्षदों ने नगर परिषद की व्यवस्था को सुधारने की मांग को लेकर मंडी एडीसी गोपाल चंद के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा। पार्षदों ने नगर परिषद और एसडीएम कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी भी की।
सीएम को भेजे ज्ञापन में पार्षदों ने कहा की कि नगर परिषद के ईओ की ओर से नगर परिषद को उचित समय नहीं दिए जाने से सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पटरी से उतर रही हैं। शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई है। वहीं अन्य विकास के कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं।
पार्षदों ने आरोप लगाया है कि ईओ बार-बार बदले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।
शहर में होने वाले विकास कार्यों को ग्रहण लगा है। तहसीलदार सदर को ईओ का कार्यभार सौंपने के समय जो योजनाएं शुरू हुई थी। वह अब ठप हो गई हैं। इस समय नगर परिषद के ईओ का कार्यभार मंडी सदर के एसडीएम देख रहे हैं। जो पर्याप्त समय नगर परिषद के कार्यों को निपटाने के लिए नहीं दे पा रहे हैं। जिससे अव्यवस्था फैल रही है।
पार्षद बोले, जल्द की जाए कार्रवाई
पार्षदों ने सीएम से मांग की कि मंडी नगर परिषद के मामले में शीघ्रातिशीघ्र कार्रवाई की जाए ताकि नगर परिषद की व्यवस्था को पटरी पर लाया जा सके। नगर परिषद की चरमराई व्यवस्था के चलते शहर के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पार्षदों ने मांग की है कि शहर में होने वाले विकास कार्यों को गति देने के और शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए मंडी नप को शीघ्र स्थाई ईओ दिया जाए ताकि नगर परिषद को अपने कार्य का संचालन करने में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
इन पार्षदों ने किया घेराव
नगर परिषद अध्यक्ष का घेराव कर कार्यालय की तालाबंदी करने वाले पार्षदों में पार्षद आशुतोष पाल, बिमला मेहरा, विद्या वैद्य, उर्मिला शर्मा, शांता कात्यायन, अल्कानंदा हांडा, सुमन ठाकुर, नारायण, दिनेश शर्मा, दीपक ठाकुर, सुखनिदान सुक्खा, आकाश शर्मा शामिल थे।
मामले की कर रहे जांच

पार्षदों ने अध्यक्ष के कार्यालय की तालाबंदी की थी। इसे पुलिस ने मौके पर पहुंच खोला गया है। मामले की जांच की जा रही है।
संदीप कुमार, सिटी चौकी प्रभारी मंडी।
ये है मंडी शहर की हालत
शहर में डाेर-टू-डोर गारवेज कलेक्शन योजना शुरू करने के बाद शहर में कूड़ा-कचरा एकत्रित करने के लिए रखे डंपर हटा दिए हैं। इसके स्थान पर घर-घर से कूड़ा-कचरा एकत्र करने के लिए मजदूर रखे हैं। स्थिति ये है कि कूड़ा-कचरा एकत्र करने वाले मजदूरों को पैसों का भुगतान नहीं होने से मजदूरों ने काम करना छोड़ दिया है। इससे शहर के लोगों को परेशानी हो रही है। इसके चलते नगर परिषद के पार्षदों ने अपना मोर्चा खोल दिया है।
(फोटो- शहर की चरमराई व्यवस्था को लेकर नप अध्यक्ष कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते पार्षद।)