हमीरपुर। भोरंज पुलिस में सुलपुर गांव के अमर सिंह ने एक लाख जेब से निकाल कर भागने के आरोप में जाहू गांव के संजीव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 91,500 रुपए की राशि बरामद कर ली है। अमर सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह सुलगवान स्थित बैंक से राशि निकलवाने जा रहा था तो रास्ते में उसे जाहू गांव का संजीव कुमार मिला। जो अपनी कार के साथ था। उसके पूछने पर संजीव ने कहा कि वह भी बैंक की ओर जा रहा है। वह उसकी कार में बैठकर बैंक पहुंचा। जहां से उसने एक लाख रुपए निकलवाए। शिकायतकर्ता ने कहा है कि संजीव कुमार उसे भाेटा की ओर ले गया और अस्पताल चौक के पास उसने वापस चलने की बात कही।
इस पर संजीव ने गाड़ी को जाहू की ओर मोड़ लिया। शाम करीब 3 बजे मनोह में एकांत जगह पर गाड़ी रोक दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पेंट की जेब से एक लाख निकाल कर उसे धक्का देकर गाड़ी लेकर भाग गया।
इस संबंध में एसपी अजय बौद्ध ने बताया कि अमर सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी संजीव को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे 91,500 रुपए की राशि बरामद कर ली है। इस मामले की पुलिस जांच कर रही है।