शिमला। एचपी यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ के गठन के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार को अलग अलग विभाग मेरिट बनाने में जुटे रहे। प्रशासन की ओर से विभागों काे आदेश जारी किए गए हैं कि वह 19 सितंबर तक मेरिट सूची बनाकर कुलपति कार्यालय में जमा कर दें। उसके बाद ही इस मेरिट सूची को अंतिम रुप दिया जाएगा। मेरिट में टाॅप करने वाला छात्र ही एससीए अध्यक्ष होगा।
उससे कम मेरिट का छात्र को उपाध्यक्ष, महासचिव और सह सचिव पद दिया जाएगा। एचपीयू के डीएसडब्ल्यू प्रो. एमएस चौहान का कहना है कि विभागों को तय तिथि के भीतर अपनी अपनी मेरिट सूची बनाकर भेजनी होगी।
इसके बाद ही एससीए का रास्ता साफ हो जाएगा। एससीए में सिर्फ टॉपर छात्रों को ही लिया जा रहा है। तीसरे और पांचवें समेस्टर के छात्रों को ही एससीए में लिया जाएगा। उनका कहना है कि जल्द ही एससीए का गठन किया जाएगा।
मेरिट में आने वाला ही होगा एससीए अध्यक्ष
इस बार एचपीयू में बनने वाली एससीए सबसे अलग होगी। छात्र राजनीति से ऊपर उठकर मेरिट में आने वाला छात्र ही एससीए अध्यक्ष होगा। इस बार मनोनयन आधार पर एससीए चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर 10 दिन का समय कॉलेज प्रबंधन को दिया गया है। इसके भीतर कमेटियां तैयार कर चुनाव प्रक्रिया को पूरा करना होगा। छात्र संगठन एबीवीपी और एसएफआई छात्रसंघ चुनाव के बहिष्कार करने पर अड़ गई है। एबीवीपी के कैंपस उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव बंद करवाने पर अब वह सड़कों पर उतरेंगे।
फोटो- शिमला में सोेमवार को विवि में भूख हड़ताल में बैठे एसएफआई के छात्र।