ऊना। विदेश भेजने के नाम पर तीन लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। नंगल (पंजाब) के एक व्यक्ति ने त्यूड़ी के कुलदीप कुमार, आनंदपुर साहिब के गौरव धीमान और गुरप्रीत सिंह से सिंगापुर भेजने के लिए साढ़े छह लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ऊना से अपना ऑफिस बंद करके खुद सिंगापुर चला गया।
ठगी का शिकार हुए लोगों ने सदर थाना में आरोपी सोनू मेहता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। जानकारी के मुताबिक ऊना शहर में नंगल के एक व्यक्ति ने अपना ऑफिस खोल रखा था, जहां से लोगों को विदेश भेजने का कारोबार चल रहा था। इस वर्ष अप्रैल महीने में त्यूड़ी (ऊना) के कुलदीप कुमार, आनंदपुर साहिब के गौरव धीमान और गुरप्रीत सिंह ने सिंगापुर जाने के लिए मेहता को किश्तों में पैमेंट की। इसमें कुलदीप ने डेढ़ लाख, गौरव ने 1.90 लाख और गुरप्रीत ने 3.15 लाख रुपए मेहता को दिए। इसके बाद इन्हें जून माह में सिंगापुर का वीजा और एयर टिकट दिए गए। जो चैक करने पर फर्जी निकले।
इस बीच मेहता कहीं बाहर चला गया। इस बात का उसके मैनेजर तक को पता नहीं चला। बाद में मेहता के मैनेजर और ठगी का शिकार हुए तीनों लोग नंगल में उसके घर जा पहुंचे। घर में इन्हें मेहता के सिंगापुर जाने की बात पता चली। शनिवार को ठगी का शिकार हुए लोगों ने सदर थाना में सोनू मेहता के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
फोटो- जाली वीजा और एयर टिकट दिखाते ठगी के शिकार हुए लोग।