(सांकेतिक फोटो)
शिमला. प्रदेश में लंबे समय से चले रहे ड्राई स्पेल के शनिवार को टूटने के आसार हैं। पश्चिमी हवाओं ने प्रदेश में बारिश-
बर्फबारी को लेकर अनुकूल परिस्थितियां पैदा कर दी है। इसके चलते पहाड़ों पर जहां ताजा बर्फबारी हो सकती है, वहीं मैदानों में हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम में यह बदलाव अगले तीन दिनों तक बना रहेगा। प्रदेश में सबसे गर्म जिला ऊना की रातें भी काफी सर्द हो चुकी हैं।
इसके अलावा प्रदेश के कई बड़े क्षेत्रों का तापमान जमाव बिंदू या उससे नीचे चला गया है, जो लोगों को ठंड का एहसास दिला रहा है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों का न्यूनतम तापमान छह डिग्री और उससे कम रिकार्ड किया गया है। बारिश बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश के होने से जहां पैदावार पर असर पड़ने लग पड़ा था वही कई तरह की बीमारियों ने भी लोगों को अपनी चपेट में ले लिया था। बारिश बर्फबारी के कारण लोगों को सूखी ठंड से छुटकारा मिलेगा। पहाड़ों पर बर्फ के बाद पर्यटन को भी पंख लगेंगे। बर्फ देखने की चाह में देश विदेश से सैलानी हर साल की तरह इस साल भी प्रदेश की ओर रुख करेंगे। प्रदेश में इन दिनों मौसम की अजीबो गरीब स्थिति देखने को मिल रही है। दिन के समय जहां सभी जगह तेज चटक धूप खिल रही है, वही शाम ढलते ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिन को तेज धूप खिलने के कारण तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आस पास दर्ज किया जा रहा है तो वहीं सूरज छिपते तापमान का पारा एकाएक गिरने लगता है। जो लाेगों को ठंड का एहसास दिला रहा है।
- पश्चिमी हवाओं ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरेगी और मैदानों में बारिश होगी। - मनमोहनसिंह , निदेशकमौसम विभाग
स्थान न्यूनतम तापमान
शिमला 6.2 डिग्री सेल्सियस
सुंदरनगर 2.0 डिग्री सेल्सियस
भुतंर 2.0 डिग्री सेल्सियस
कल्पा -0.2 डिग्री सेल्सियस
धर्मशाला 6.8 डिग्री सेल्सियस
ऊना 0.5 डिग्री सेल्सियस
मनाली 0.6 डिग्री सेल्सियस
केलांग -3.5 डिग्री सेल्सियस