कुल्लू/धर्मशाला/शिमला. सोमवार रात कुल्लू के रघुनाथ मंदिर से चोरी हुई ऐतिहासिक मूर्तियों को पकड़वाने में मदद करने वाले को प्रदेश सरकार ने दस लाख का इनाम देने की घोषणा की। सदन में बुधवार को भाेजनावकाश के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सदन में कहा कि धरोहर और लाखों लोगों की आस्था का केंद्र मूर्तियों का चोरी होना चिंताजनक है। इसके प्रति सरकार गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। मूर्ति चोरी संबंधी जो भी पुख्ता जानकारी देगा इसके आधार पर चोरी हुई मूर्तियों को बरामद किया जा सके उसको दस लाख का नगद पुरस्कार सरकार देगी। साथ ही जांच पूरी होने तक उस व्यक्ति का नाम भी गुप्त रखा जाएगा।
पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मंदिर से चोरी हुई रघुनाथ और हनुमान की प्रतिमा की तीन फोटो जारी की है। रघुनाथ की प्रतिमा की दो फोटो जारी की गई हंै। इसमें एक आभूषण और वस्त्रों के साथ की है और दूसरी बिना आभूषण और वस्त्रों की है। डीजीपी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
इन नंबरों पर दें सूचना
चोरी के सुराग के बारे में सूचना पुलिस को एसपी कुल्लू के
मोबाइल नंबर- 94194-84949, 01902-224700 कार्यालय के दूरभाष पर दे सकते हैं। पुलिस ने इंटरपोल, एसएसबी, सीआईएसएफ और आरपीएफ से भी मदद मांगी है। -
संजय कुंडू, एडीजी, लॉ एंड आॅर्डरअपराधियों की लिस्ट तैयार
पुलिस ने अपराधियों की सूची तैयार कर ली है। अब उनसे पूछताछ होगी। सूची में ऐसे लोग हैं जो चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहे हैं या फिर चोरी के लिए सजा काट चुके हैं। पुलिस के अनुसार ऐसा लगता है कि जानकार ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने तलाशी शुरू कर दी है। होटलों, ढाबों, दुकानों सहित जिस भी स्थान में संदेह की गुंजाइश है उन स्थानों में पुलिस तलाशी ले रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने में भी जगह जगह पुलिस जुटी हुई है। ताकि कहीं न कहीं से कोई भी सुराग मिल पाए।
फोरेंसिक रिपोर्ट का सहारा
घटनास्थल से बरामद रस्सी, छत पर मिले जूतों के निशान सहित गर्भगृह में फिंगर प्रिंट्स को फॉरेंसिक टीम ने लिया है। इन्हें जांच के लिए भेजा है। अब फॉरेंसिक रिपोर्ट का सहारा है।
एक किलो सोना और 10 किलो चांदी चोरी
पुलिस के अनुसार मंदिर से जो आभूषण चोरी हुए हैं उनकी कीमत 32 लाख है। इस में 1 किलो सोना, 10 किलाे चांदी शामिल है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार मंदिर से रघुनाथ की अष्टधातु की प्रतिमा, गोल्ड लॉकेट, अष्टधातु की हनुमान की प्रतिमा, गोल्डन चेंज, नरसिंह शिला का एक स्टोन कवर्ड विद गोल्ड, एक चांदी की गणेश की प्रतिमा, एक जोड़ी चरण पादुका, एक चांदी का आचमनी, एक सिल्वर शंख स्टैंड और पूजा की चांदी की सामग्री शामिल है।