शिमला। रेल कार से बचने के चक्कर में नौ वर्ष के बच्चे ने जान गंवा दी जबकि हादसे में एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को उपचार के लिए आईजीएमसी में भर्ती कराया गया है। मृतक बच्चे की पहचान नौ वर्ष के नरैण रूप में हुई है जबकि घायल महिला न्यू टुटू की हेमा है। रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हादसा रविवार देर शाम को जतोग की 88/2 पुलिया के पास हुआ। न्यू टुटू की रहने वाली कुछ महिलाएं बच्चों के साथ रेल ट्रैक से होकर घर वापस जा रही थीं। जैसी ही वे जतोग की 88/2 पुलिया के पास पहुंचे तो सामने से शिमला से कालका की आेर जाने वाली रेल मोटर कार ट्रैक पर आ गई। रेल कार से बचने की हड़बड़ाहट में महिलाएं और बच्चे पुलिया के किनारे पर खड़े हो गए। इस दाैरान हेमा और नौ वर्ष के बच्चे नरैण का पांव फिसल गया और दोनों पुलिया से नीचे जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
रेल कार से महिला-बच्चे को तारादेवी पहुंचाया
बच्चे और महिला के गिरने पर महिलाओं की चीख पुकार सुन कर ड्राइवर ने रेल कार को रोका। वह घायल बच्चे और महिला को रेल कार से तारादेवी तक लाया। जहां से दोनों को 108 मदद से आईजीएमसी ले जाया गया। इस दौरान बच्चा बेसुध था। आईजीएमसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने नरैण को मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस के एएसआई जय किशन ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों संकटमोचन से भंडारा खाकर लौट रहे थे। दोनों को रेल कार से टक्कर नहीं लगी है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
शिमला में पिछले वर्ष युवक की रेलगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई थी। जतोग तारादेवी के बीच के रेल ट्रैक पर एक महिला, सोलन चंबाघाट के पास ड्यूटी से लौट रहा युवक रेल मोटर के नीचे आने से मर चुका है।