भरेड़ी। धिरड़ पंचायत के खुराल गांव में शादी का माहौल दो बच्चों के डूबने से हुई मौत के बाद गमगीन हो गया। गौरतलब है कि खुराल में लड़की की शादी थी और ग्राम पंचायत भलवाणी के भौर गांव का निखिल (8) व मितू (10) अपनी दादी और नानी के साथ शादी में शिरकत के लिए खुराल गांव आए थे। शाम के समय जब अंधेरा हो गया, तो बच्चे खेलते-खेलते कुएं के पास चले गए और उसमें डूब गए। जब रात्रि 10:00 बजे दादा-दादी ने उनकी तलाश शुरू की तो ग्रामीणों ने उन्हें कुएं में डूबा हुआ पाया।
उन्हें बाहर निकालने के बाद सीएचसी भोरंज ले जाया गया। जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निखिल (पुत्र अमर सिंह व सुषमा देवी) तीन बहनों का सबसे छोटा भाई था। जबकि मितु (पुत्र विधि चंद व रूमा देवी) दो चिरागों में से एक था। दोनाें की मौत से उनके घरों में मातम का माहौल है। दोनों ही परिवार पीडीएस से संबंधित हैं। भोरंज के एसएचओ मुकेश ठाकुर ने बताया कि दोनों बच्चों की मौत कुएं में डूबने से हुई है। शवों काे पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर अस्पताल भेजा गया है। छानबीन जारी है। एसडीएम राकेश शर्मा ने दोनों बच्चों के परिवारों को 10-10 हजार रुपए की फौरी राहत राशि दी है।
मौत का कुआं साबित हुई बारात देखने की चाहत
भोरंज. खुराहल गांव में मेहमान बन कर आए भौर गांव के दो नन्हें नौनिहालों के लिए बारात देखने की चाहत मौत का कुआं बन कर साबित हुई। बारात देखने की हसरत में तीसरी कक्षा के 8 वर्षीय निखिल और पांचवीं के 10 वर्षीय मितू ने दौड़ क्या लगाई कि दोनों की खिलखिलाती जिंदगी की दौड़ ही थम गई। एक दादी और एक नानी के साथ खुराहल में एक शादी समारोह में मेहमान बन कर पंहुचे थे। यहां जैसे ही बारात दुल्हन लेकर पहुंची तो दोनों ने दौड़ लगा दी। बताया जा रहा है कि वह खेतों की ओर से भी बारात स्थल की ओर गए थे और इसी बीच वह कुएं में गिरने से दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। ढोल-बाजों की चकाचौंध में दोनों की चीखें दब कर रह गई और तलाश शुरू होने तक दो चिराग बुझ चुके थे। इस घटना से भौर ही नहीं, बल्कि खुराहल गांव में भी मातम का माहौल है। दोनों परिवारों पर इस आकस्मिक घटना से दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है।