मंडी। मंडी जिला के गोहर में पुलिस ने पत्नी की फिरौती देकर जान से मारने की साजिश रचने वाले पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी की पांच लाख की सुपारी दी थी। आरोपी ने जिस आदमी को सुपारी दी थी उसी ने पुलिस को पूरी योजना बता दी। योजना का पता चलते ही पुलिस ने आरोपी हरिमंद्र सिंह निवासी मंडी को रंगे हाथ धर दबोचा।
गोहर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सोमवार को जेएमआईसी में पेश किया। जहां से कोर्ट ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने महिला के बयान मैजिस्ट्रेट के सामने कलमबद्ध किए। महिला ने अपनी तबीयत खराब होने पर अस्पताल जाने की गुहार लगाई। इसी आधार पर उसे उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया गया है। महिला ने पति पर स्लो प्वाइजन देने का आरोप भी लगाया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी हरमिंद्र सिंह ने बताया कि अगर वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ता तो वह अपनी पत्नी को मारने के लिए पंजाब ले जाने वाला था। वह किसी अन्य महिला से शादी करने के लिए पत्नी से पीछा छुड़ाना चाहता था। पुलिस ने सुपारी लेने वाले आदमी के बयान पर पति के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
ऐसे बनाई रणनीति
रविवार को गोहर में शराब पीकर घूम रहे एक आदमी फोन पर किसी से बात कर रहा था। उसी दौरान गोहर थाना प्रभारी की नजर उस पर पड़ी। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान कुम्मी निवासी कपूर चंद ने बताया कि कोई एक व्यक्ति उसे दिनभर किसी की हत्या करवाने के लिए दबाव बना रहा है। पूर्व में तय योजना के तहत हरमिंद्र अपनी पत्नी को लेकर सुपारी किल्लर के साथ हत्या के लिए तय स्थान पर पहुंचा वहां पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसपी मोहित चावला ने मामले की पुष्टि की है।