एक उम्र के बाद या फिर 70 एमएम पर कम काम मिलने के चलते बॉलीवुड स्टार्स अक्सर टीवी का रुख करते हैं। इनमें से एक वजह मोटी रकम भी है। अगर किसी बॉलीवुड स्टार को टीवी का हिस्सा बनने के लिए अच्छी-खासी फ़ीस दी जाए तो वो इसे स्वीकार कर लेते हैं। लगभग 40 वर्ष की हो चुकीं सोनाली ने जब फ़िल्मों से टीवी की ओर रुख किया, उन्हें कई ऑफर्स मिले। सोनाली ने कई रियलिटी शोज़ में जज और होस्ट की भूमिका निभाई। पहली बार सोनाली इंडियन टीवी पर सीरियल 'अजीब दास्तां है ये' में लीड रोल निभा रही हैं। वजह शो का कॉन्सेप्ट इन्हें बेहद पसंद आया, लेकिन अब खबरें आ रही हैं कि सोनाली इस शो को अलविदा कहने जा रही हैं। सुनने में आया है कि यह शो भी बहुत जल्द ऑफ-एयर हो रहा है। इसकी दो वजहें हैं। शो की गिरती टीआरपी और सोनाली का इंटरेस्ट में चेंज आ जाना। खैर, कुछ शोज़ तो ऐसे भी हैं जिनके लिए सिर्फ एक ही चेहरा बना है, जैसे 'कौन बनेगा करोड़पति' को ऑडियंस
अमिताभ बच्चन से ही रिलेट करती है। वहीं, बात करें
बिग बॉस की, तो उसका बॉस भी सिर्फ एक ही है-
सलमान खान। पिछले 10 साल में इंडियन टेलीविज़न में कई महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। सिर्फ प्रोग्रामिंग पैटर्न ही नहीं बदले हैं, बल्कि ज़्यादा से ज़्यादा बॉलीवुड स्टार्स टीवी का हिस्सा बने हैं।
फिक्शनल शो जैसे 24 को अनिल कपूर ने न सिर्फ प्रोड्यूस किया, बल्कि इसमें एक्टिंग भी की। टीवी पर सास-बहू सीरियल से कुछ अलग परोसे जाने के चलते यंग ऑडियंस ने भी इसे खूब पसंद किया। दिलचस्प बात है कि इस शो का हिस्सा अनुपम खेर और शबाना आज़मी जैसे दिग्गज स्टार्स भी बने।