रामेश्वरम। श्रीलंका की नौसेना ने समुद्री सीमा लांघने और मछलियों का अवैध शिकार करने के आरोप में 38 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करके उनकी छह आधुनिक नौकाओं को कब्जे में ले लिया है।
मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि रामेश्वरम तट से कल सुबह 674 नौकाएं मछली पकड़ने के लिए समुद्र में गईं थी। पाक खाड़ी में कल आधी रात को मछुआरे जब मछली पकड़ रहे थे तभी श्रीलंका के नौसैनिकों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार मछुआरों को पूछताछ के लिए उनकी नौकाओं सहित उत्तरी श्रीलंका के जाफना जिले में कंकेशनथुरई के निकट कल्लीपट्टविया नौसैनिक शिविर ले जाया गया है।
यह घटना भारत और श्रीलंका की जेलों में बंद मछुआरों को रिहा करने के दोनों देशों के बीच हाल में कई उपायों की घोषणा करने के बावजूद हुई है। मछुआरों को गिरफ्तार किए जाने की इस घटना से तमिलनाडु के मछुआरा समुदाय को करारा झटका लगा है।
अंतरराष्ट्रीय जगत की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप हमसे फेसबुक और ट्विटर पर भी जुड़ सकते हैं। यहां क्लिक करके डाउनलोड करें हमारी मोबाइल एप्लीकेशन।