मैडिसन. अमेरिका के अलबामा राज्य के मैडिसन शहर में पुलिस ने अपने घर के बाहर टहल रहे
एक भारतीय की
बुरी तरह से पिटाई की। पिटाई के बाद 57 साल का शख्स लकवाग्रस्त हो गया है। स्थानीय पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा है कि इस मामले में दोषी अफसर को सस्पेंड कर दिया गया और मामले की जांच की जा रही है।
घटना उस वक्त हुई, जब सुरेशभाई पटेल अपने बेटे के घर के बाहर टहल रहे थे। उनके बेटे चिराग के अनुसार, उनके पिताजी रोज ही घर के बाहर कुछ देर रोड के किनारे टहलने जाते थे। उस दिन टहलने के दौरान अचानक वहां पुलिस आई और उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद उनकी पिटाई की गई। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और गले की हड्डी भी क्षतिग्रस्त हो गई है। एक स्थानीय अखबार के संवाददाता ने पूरी घटना की जानकारी दी है। सुरेशभाई केवल दो हफ्ते पहले ही गुजरात से अमेरिका आए थे।
पुलिस ने बताया हास्यास्पद कारण
पुलिस ने घटना का कारण संवादहीनता बताया है। चिराग का कहना है कि उनके पिता को गुजराती और थोड़ी-बहुत हिंदी आती है, लेकिन वह अंग्रेजी बिल्कुल नहीं जानते। चिराग के वकील ने आरोप लगाया है कि सुरेशभाई की कोई गलती नहीं थी, सिवा इसके कि वह अश्वेत थे। पुलिस ने बताया कि चिराग के किसी पड़ोसी ने उन्हें फोन करके बताया था कि कोई संदिग्ध व्यक्ति उस क्षेत्र में गैरेज के पास टहल रहा है। पुलिस ने मारपीट की घटना से इनकार करते हुए कहा है कि पुलिस अफसर ने सुरेशभाई को केवल जमीन पर गिराया था और इसी दौरान उन्हें चोट लगी। पटेल फिलहाल अस्पताल में एडमिट हैं और उनका इलाज चल रहा है।