न्यूयॉर्क. अर्थव्यवस्था में महिलाओं के योगदान को कमतर आंकना, प्रमोशन और वेतन कम मिलना- ये बातें तो कई रिसर्च में साबित हो चुकी हैं। नया तथ्य यह है कि सॉफ्टवेयर की कोडिंग या डेवलपमेंट में महिलाएं पुरुषों से बेहतर होती हैं, लेकिन सिर्फ महिला होने के कारण लोग उनकी कोडिंग को खारिज कर देते हैं। भेदभाव का ही नतीजा है कि सिर्फ 20% सॉफ्टवेयर डेवलपर महिलाएं हैं।
अमेरिका की नॉर्थ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च में यह बात सामने आई है। इस रिसर्च के लिए यूनिवर्सिटी के छह प्रोफेसरों और छात्रों ने काम किया। उन्होंने ‘गिटहब’ पर 30 लाख कोड देखने के बाद यह निष्कर्ष निकाला है। गिटहब एक लोकप्रिय ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर प्लैटफॉर्म है। दुनियाभर के करीब सवा करोड़ डेवलपर इससे जुड़े हैं।
रिसर्चरों ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है, ‘हम यह मानकर चल रहे थे कि महिलाओं की सॉफ्टवेयर कोडिंग को कम पसंद किया जाएगा। पुरुषों द्वारा तैयार कोड की मांग ज्यादा होगी। लेकिन नतीजे देखकर हमें बहुत हैरानी हुई। महिलाओं द्वारा तैयार 78.6% सॉफ्टवेयर कोड को लोगों ने पसंद किया, जबकि पुरुषों के सिर्फ 75.6% कोड पसंद किए गए।’
रिसर्च में महिलाओं के साथ भेदभाव की बात साफ तौर पर सामने आई। यूजर्स ने पहले तो कोड को पसंद कर लिया, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि इन्हें महिलाओं ने तैयार किया है तो बहुत से लोगों का फैसला बदल गया। सामान्य बातचीत में ज्यादातर लोगों ने महिलाओं के साथ बराबरी की बात की, लेकिन हकीकत में वे इसके उलट दिखे।
‘गिटहब’ पर सॉफ्टवेयर कोड डालने वालों को यह नहीं बताना पड़ता कि वह महिला है या पुरुष। बहुत से यूजर्स ने प्रोफाइल में अपनी फोटो लगा रखी है। जिन्होंने फोटो नहीं लगाई है, रिसर्च टीम ने अलग से उनसे जाना कि वे महिला हैं या पुरुष। जिनके जेंडर का पता नहीं चला उन्हें रिसर्च में शामिल नहीं किया गया।
रिसर्चरों ने यह जानने की भी कोशिश की कि महिलाओं द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर कोड को क्यों ज्यादा पसंद किया गया- क्या उनके कोड में कुछ अलग था? क्या वे कोड ज्यादा सामयिक थे? क्या महिलाएं खास तरह के कोड बेहतर बना सकती हैं? लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था। यानी हर तरह की प्रोग्रामिंग में महिलाएं बेहतर साबित हुईं।
- यूजर्स ने पहले तो कोड पसंद कर लिया, लेकिन जब उन्हें बताया गया कि इन्हें महिलाओं ने तैयार किया है तो बहुत से लोगों ने फैसला बदल दिया।
- 75.6% पुरुषों द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर कोड को लोगों ने पसंद किया।
- 78.6% महिलाओं द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर कोड पसंद किए गए।