मिहतरलाम। अफगानिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने पांच वॉलीबाल खिलाड़ियों की शुक्रवार को गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि, अफगानिस्तान में अशांति फैलाने वाले तालिबान विद्रोहियों ने हत्या में शामिल होने की बात से इनकार किया है।
लाघमान के पूर्वी प्रांत में बाइक पर सवार हमलावरों ने खिलाड़ियों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। प्रांत के गर्वनर के प्रवक्ता सरहादी ज्वाक ने बताया कि हमलावरों ने वॉलीबॉल मैच के दौरान ही गोलियां चलाईं, जिसमें पांच खिलाड़ियों की मौत हो गई।
तालिबानी हुकूमत ने साल 1996 से 2001 तक वॉलीबाल समेत तमाम गतिविधियों पर रोक लगा रखी थी। इस वजह से हमले में तालिबान का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन तालिबान ने हमले की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया है।
संगठन के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद का कहना है कि हत्या के इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। संगठन ने सभी तरह के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
इधर, राष्ट्रपति हामिद करजई ने हमले की निंदा करते हुए कहा है कि इस तरह के हमले देश में शांति और विकास के काम को कभी नहीं रोक पाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय जगत की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप हमसे फेसबुक और ट्विटर पर भी जुड़ सकते हैं। यहां क्लिक करके डाउनलोड करें हमारी मोबाइल एप्लीकेशन।