बीजिंग। चीन की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा को चीन में निजी बैंक खोलने की अनुमति मिल गई है। कंपनी कुछ दिन पहले ही दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ लाई है। इससे उसने शेयर बाजार से 25 अरब डाॅलर (1.52 लाख करोड़ रुपए) जुटाए हैं।
बैंक खोल कर कंपनी वित्तीय सेवा कारोबार में भी उतर सकेगी। चाइना बैंकिंग रेगुलेटरी कमीशन ने यह जानकारी दी। इसके मुताबिक, अलीबाबा नए बैंक में 30 फीसदी हिस्सेदारी रखेगी। अलीबाबा चीन में पहली ऐसी कंपनी है, जिसे प्राइवेट बैंक खोलने की अनुमति मिली है।
अलीबाबा को फायदा : खुद का कमर्शियल बैंक होने से अलीबाबा का अपनी कई प्रमुख सेवाओं पर बेहतर नियंत्रण हो जाएगा। इसमें ऑनलाइन पेमेंट और वैल्थ मैनेजमेंट प्रोडक्ट्स शामिल हैं।
चीन को फायदा : चीन की सरकार को उम्मीद है कि देश में प्राइवेट बैंकों के खुलने से उसे अपनी अर्थव्यवस्था को खोलने में मदद मिलेगी।