फोटो: दुनिया की टॉप 10 कंपनियों का मार्केट वैल्यू।
नई दिल्ली. चीन की मशहूर ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा ने अपने आईपीओ से एक दिन में इतनी कमाई की है कि वह प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी की एक महत्वाकांक्षी योजना पर किए जाने वाले खर्च से 200 गुणा ज्यादा है। अलीबाबा ने न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में शुक्रवार को पेश किए गए अपने आईपीओ से करीब 14 लाख करोड़ रुपए जुटाए जो अमेरिका का अभी तक सबसे ज्यादा है। यह रकम मोदी सरकार द्वारा 100 स्मार्ट सिटीज बनाने के लिए बजट में प्रस्तावित 7,060 करोड़ रुपए से काफी ज्यादा है। अपने आईपीओ की मदद से अलीबाबा ने बड़ी कंपनियों में से एक
फेसबुक को भी पछाड़ दिया है।
दुनिया की चौथी सबसे बड़ी कंपनी बनी अलीबाबा
अमेरिकी शेयर बाजार में अलीबाबा का आईपीओ 4080 रुपए में पेश हुआ, लेकिन बाजार बंद होते-होते यह 5711 रुपए पर पहुंच गया। इसी के साथ अलीबाबा ने मार्केट वैल्यू के मामले में फेसबुक को चौथे नंबर से पछाड़कर पांचवें नंबर पर कर दिया। अलीबाबा से आगे अब सिर्फ एप्पल,
माइक्रोसॉफ्ट और
गूगल है। टॉप चार कंपनियों का मार्केट वैल्यू यह है:
एप्पल: 611
माइक्रोसॉफ्ट: 400
गूगल: 384
अलीबाबा: 227
(सभी आंकड़ें अरब अमेरिकी डॉलर में)
जैक मा ने की निवेशकों से अपील
अमेरिकी शेयर बाजार में अपने आईपीओ से 24 घंटे के भीतर करीब 14 लाख करोड़ रुपए (23.1 अरब अमेरिकी डॉलर) की रकम जुटाई। कंपनी के चेयरमैन जैक मा ने निवेशकों से भरोसा रखने की अपील की है। उन्होंने एक वाक्य में आठ बार 'भरोसा (ट्रस्ट)' शब्द का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, "आज हमें जो मिल रहा है वह पैसा नहीं है, बल्कि लोगों का भरोसा है...भरोसा करें, हम पर भरोसा करें, बाजार पर भरोसा करें, युवाओं पर भरोसा करें, नई तकनीक पर भरोसा करें... दुनिया ज्यादा से ज्यादा पारदर्शी होती जा रही है... जिन बातों को लेकर आप चिंतित हैं, मैं 15 साल से उसकी चिंता कर रहा हूं...मैं निवेशकों से कहना चाहता हूं कि हम आपका खयाल रखेंगे...जब आप भरोसा करते हैं तो सब कुछ आसान हो जाता है और जब भरोसा नहीं करते हैं तो चीजें जटिल हो जाती हैं।"
अलीबाबा का आईपीओ सबसे बड़ा
अलीबाबा के आईपीओ का मार्केट वैल्यू कितना ज्यादा है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इस साल अमेरिका में जो भी आईपीओ पेश किए गए, अगर उनको मिला दिया जाए तो उनकी वैल्यू अलीबाबा से थोड़ी ही ज्यादा है। स्टैंटर्ड एंड पुअर्स कैपिटल आईक्यू के मुताबिक, अलीबाबा की वैल्यू 168 अरब डॉलर आंकी गई और बाकी सभी आईपीओ की कीमत 180.5 अरब डॉलर।
बन सकता है नंबर वन
अमेरिका का सबसे बड़ा आईपीओ पेश करने के बाद अलीबाबा का आईपीओ अब दुनिया का सबसे कीमती आईपीओ बन सकता है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इसके लिए अलीबाबा को और ज्यादा शेयर बेचने का फैसला करना होगा। ऐसा होना मुमकिन भी है, क्योंकि बाजार में सभी ऐसी उम्मीदें लगाए बैठे हैं। अभी तक का सबसे कीमती आईपीओ 2010 में एग्रीकल्चरल बैंक ऑफ चाइना ने पेश किया था जिसकी वैल्यू 22 अरब डॉलर थी।
आगे की स्लाइड्स में देखें अलीबाबा का आईपीओ लॉन्च होने के दौरान की तस्वीरें...