वॉशिंगटन। कई अरब देशों ने इस्लामिक स्टेट के खात्मे के लिए हवाई हमलों को समर्थन किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि कई अरब देशों ने अमेरिका से जोर देकर कहा कि
इराक और सीरिया में तेजी से आगे बढ़ रहे आईएसआईएस आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि बीते दिनों विदेश मंत्री जॉन कैरी की मध्य पूर्व देशों की यात्राओं पर नेताओं ने हवाई हमलों का समर्थन किया है। कैरी इस्लामिक स्टेट के खिलाफ कार्रवाई करने के समर्थन के लिए
बगदाद, अम्मान, जॉर्डन, जिद्दा, सऊदी अरब, अंकारा, तुर्की और काहिरा गए थे। बीते गुरुवार को जिद्दा की यात्रा के दौरान दस अरब देशों ने एक संयुक्त बयान देते हुए इस्लामिक स्टेट के खिलाफ एकजुट होने की बात कही थी।
फ्रांस और ऑस्ट्रेलिया सरकारों ने भी
इराक और सीरिया में हवाई हमलों में साथ देने की बात कही है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री टॉनी एबॉट ने कहा कि वह अपने एफए-18 फाइटर प्लेन भेजेगा, जिसे संयुक्त अरब अमीरात से ऑपरेट किया जाएगा। वहीं, 200 सैनिकों साथ कमांडोज भी भेजे जा रहे हैं। वे इराकी सेना और कुर्दिश पेश मेर्गा सेना को सलाह देने का काम करेंगे।