नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबोट ने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी से टेलीफोन पर बात कर उन्हें भारत यात्रा के दौरान मिले अतिथि सत्कार के लिए शुक्रिया अदा किया। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, एबोट की मोदी से बात करने की इच्छा जाहिर किए जाने के बाद मोदी ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को खुद फोन किया। एबोट ने हाल ही में हुई भारत यात्रा के दौरान मिले भव्य अतिथि सत्कार के लिए मोदी को शुक्रिया कहा।
मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान एबोट भारतीय नागरिकों के दिल को छूने में सफल रहे। उनकी यात्रा के ठोस परिणाम आए हैं। इससे भारत-ऑस्ट्रेलिया रणनीतिक साझेदारी को नए आयाम मिले। दोनोंं नेताओं ने इस यात्रा के दौरान लिए गए निर्णयों को आगे बढ़ाने के लिए नियमित रूप से उनकी समीक्षा करने पर भी सहमति जताई।
इस दौरान एबोट ने
जम्मू कश्मीर में बाढ़ के कारण जानमाल की हुई व्यापक क्षति पर संवेदना व्यक्त की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत की। एबोट ने जी-20 की बैठक में मोदी के ऑस्ट्रेलिया आगमन पर उनके स्वागत की आतुरता भी जताई।