(फाइल फोटो: अल-अरब टीवी का ऑफिस)
मानामा। बहरीन में सऊदी अरब के एक प्रिंस के मालिकाना हक वाला टीवी चैनल शुरू होने वाले दिन ही बंद कर दिया गया। इस चैनल पर पहले दिन बहरीन के मुख्य विपक्षी आंदोलन के नेता खलील अल मरजौक का इंटरव्यू प्रसारित कर दिया था। माना जा रहा है कि इससे सरकार नाराज हो गई। बहरीन सरकार ने चैनल बंद किए जाने की पुष्टि की, लेकिन कहा गया कि इसका मीडिया की अभिव्यक्ति की आजादी से कोई संबंध नहीं है।
बहरीन की इन्फॉरमेशन अफेयर्स अथॉरिटी ने कहा कि अरबपति प्रिंस अलवलीद के चैनल अलअरब ने प्रसारण का लाइसेंस नहीं लिया था। उसका प्रसारण क्षेत्रीय अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप नहीं था। अलवलीद सऊदी अरब के नए राजा सलमान के भतीजे हैं। वे सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बहुत मुखर भी हैं। सऊदी अरब और बहरीन के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। साल 2011 में बहरीन में शिया प्रदर्शनकारियों के सरकार विरोधी आंदोलन को दबाने के लिए सऊदी अरब ने वहां सेना भी भेजी थी।