ढाका। बांग्लादेश सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इस्लामिक कट्टरपंथी नेता दिलावर हुसैन सईदी की मौत की सजा को उम्र कैद में बदल दिया। बीते साल कोर्ट ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी।
अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के लोगों की हत्या, रेप और उत्पीड़न और युद्ध अपराध जैसे आठ मामलों के दोषी के बारे में कोर्ट ने यह कहते हुए चौंका दिया कि 74 वर्षीय सईदी को अब मौत होने तक जेल में जीवन गुजारना होगा। अटॉर्नी जनरल महबूबे आलम ने बताया कि वे सईदी की मौत की सजा को कायम रखे जाने की आशा कर रहे थे।
सईदी के वकील ने इस फैसला से असंतोष जताया है। वकील ने कहा कि हम सोच रहे थे कि सईदी को सभी आरोपों से बरी कर दिया जाएगा। बीते साल फरवरी में वार क्राइम कोर्ट ने उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, तब देश में दंगे भड़क गए थे। इसमें करीब 100 लोग मारे गए। आपको बता दें कि सईदी जमात-ए-इस्लामी के उपाध्यक्ष हैं। वह देश के मशहूर इस्लामी मौलवी हैं। उनके लाखों अनुयायी हैं।