चंडीगढ़/टोरंटो। शहीद भगत सिंह की सगी बहन प्रकाश कौर का कनाडा के टोरंटो में निधन हो गया। वह 95 साल की थीं। उनका निधन भारतीय समयानुसार सोमवार तड़के 2.00 बजे के करीब हुआ। अनोखी बात यह है कि प्रकाश कौर की मौत कनाडा की तारीख 28 सितंबर को हुई है और इसी दिन उनके भाई शहीदे आजम भगत सिंह का जन्मदिन वहां पर मनाया जा रहा था।
प्रकाश कौर का जन्म पाकिस्तान के लायलपुर जिले में गांव खासड़ियां में 1919 में हुआ था। वह भगत सिंह से लगभग 12-13 साल छोटी थीं। भगत सिंह सहित पांच भाई व तीन बहनें थी। जिनमें सबसे बड़े कुलवीर सिंह, उनसे छोटी माता अमरकौर, उनसे छोटे भगत सिंह, फिर कुलतार सिंह,
रणवीर सिंह, प्रकाश कौर, रजिंदर सिंह, शकुंतला सबसे छोटी थीं। प्रकाश कौर कनाडा में अपने बेटे रुपिंदर सिंह व हकूमत सिंह के पास रह रही थीं। जबकि इनकी दो बेटियां गुरजीत कौर व परविंदर कौर होशियारपुर के गांव अंबाला जट्टां के एक ही परिवार में शादीशुदा हैं। गुरजीत कौर अभी गांव में ही हैं व जबकि परविंदर कौर कनाडा में रहती हैं।
कनाडा में ही होगा अंतिम संस्कार
प्रकाश कौर का अंतिम संस्कार कनाडा में ही इस रविवार को किया जाएगा व उनकी बेटी गुरजीत कौर चार दिन बाद फिर दोबारा कनाडा को लौट गई।
भारतीय न्यायप्रणाली के खिलाफ थी एक टीस
इनके दामाद
हरभजन सिंह ढढ्ट ने बताया कि उनके भाई कुलजीत सिंह ढढ्ट के फर्जी एनकाउंटर के मामले में 25 साल की सुनवाई के बाद महज पांच साल की सजा के बारे में जब प्रकाश कौर को पता चला था तो उन्होंने भारतीय न्यायप्रणाली के खिलाफ अपनी टीस जताई थी।