इस्तांबुल। सीरिया की सीमा से लगे तुर्की के रिहानली शहर में शनिवार को दो कार विस्फोट हुए। इससे 43 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए हैं। घायलों में 29 की हालत गंभीर है। मृतकों की संख्या बढऩे के आसार हैं। तुर्की के प्रधानमंत्री तयिप एर्देगोन ने आशंका जताई है कि इन विस्फोटों के पीछे सीरिया में जारी गृहयुद्ध हो सकता है। या यह आतंकी घटना भी हो सकती है। हम लगातार कुर्द के मुद्दे पर सीरिया के साथ शांति वार्ता करने का प्रयास कर रहे हैं। हो सकता है कि इससे आतंकी नाराज हों।
रिहानली नगरपालिका और डाक घर के मेनगेट के सामने हुए विस्फोट में रिहानली का टाउनहाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। एर्देगोन सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद के विरोधी हैं। तुर्की ने सीरिया से पलायन करने वाले करीब चार लाख लोगों को शरण दी है।
तुर्की के गृह मंत्री मुआम्मर गुलेर ने बताया कि शहर के नगर पालिका भवन और डाक घर के पास दो कार बम धमाके हुए। अभी तक किसी गुट ने इन धमाकों को जिम्मेदारी नहीं ली है।
रिहानली नगर में ये विस्फोट सीरियाई सीमा से कुछ किलोमीटर दूर हुए। यह क्षेत्र में हाल में हुए भीषण हमलों में से एक है। ये विस्फोट तुर्की द्वारा सीरिया की सरकार की बढ़ती आलोचना के बीच हुए हैं। टाउन हॉल और डाकघर के पास खड़ी कारों में विस्फोट हुए थे।
तुर्की के विदेश मंत्री अहमद दावातोगलु ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि तुर्की अपनी सुरक्षा में सक्षम है। हमें किसी प्रकार की आवश्यकता नहीं है। बर्लिन दौरे पर गए दावातोगलु ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हो सकते हैं जो तुर्की की शांति को भंग करना चाहते हैं, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। किसी को तुर्की की शक्ति की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। हमारे सुरक्षा बल सभी जरूरी कदम उठाएंगे।
शुरुआत में कुछ ही लोगों के मरने की खबर आ रही थी लेकिन बाद में मरने वालों की तादाद बढ़कर 43 हो गई है और 100 लोग घायल हुए हैं। इसमें से 29 घायलों की स्थिति बहुत गंभीर बनी हुई है।
अभी भी बचावकर्मी राहत व बचाव कार्य में लगे हुए हैं। मलबे में अभी भी लोगों को खोजने का कार्य जारी है। बचावकर्मी उन लोगों की तलाश कर रहे हैं जिनके विस्फोट में नष्ट हुई इमारतों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
विस्फोटों के बाद स्थानीय लोगों ने सीरिया शरणार्थियों पर हमला कर दिया। रिहानली के रास्ते से ही सीरियाई लोग तुर्की में शरण ले रहे हैं। अब तक सीरियाई संकट में 80 हजार लोग बेमौत मारे जा चुके हैं।