लंदन। इराक में इस्लामी स्टेट आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए ब्रिटेन ने अपने लड़ाकू टोरनेडो विमान तैयार कर दिए हैं। देश के रक्षा मंत्री ने संसद में जारी बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में आतंकवाद के खिलाफ अभियान में ब्रिटेन भी कूद पड़ा है। अगले 48 घंटो में आतंकवादी ठिकाने, हमारे टॉरनेडो विमानों के निशाने पर होंगे।
प्रधानमंत्री डेविड कैमरन,
इराक में अमेरिका तथा अन्य देशों द्वारा इस्लामिक स्टेट के खिलाफ किए जा रहे हवाई हमलों में ब्रिटेन को भी शामिल करने के लिए काफी दिनों से संसद की मंजूरी हासिल करने की कोशिश में लगे थे और इसके लिए संसद की विशेष बैठक बुलाई थी। आखिरकार उनको सफलता मिल ही गयी और इससे संबंधित प्रस्ताव कल संसद में भारी बहुमत के साथ पारित हो गया।
कैमरन के सरकारी आवास टेन डाउनिंग स्ट्रीट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ब्रिटेन की वायुसेना के छह टॉरनेडो विमान बहुत जल्दी ही इराक के ऊपर उड़ान भरते दिखाई देंगे और इसके साथ ही इराकी सैनिकों को प्रशिक्षित करने के लिए देश के रक्षा सलाहकार भी इराक भेजे जाएंगे।
इराक में जारी आतंकवादी अभियान में शामिल होने की मंजूरी हासिल करने के लिए ब्रिटेन की ससंद में कराए गए मतदान में प्रस्ताव के पक्ष में 524 और विपक्ष में महज 43 वोट पड़े, जबकि 69 सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
ब्रिटिश सरकार के इस लड़ाई में शामिल होने की पक्षधर होने के बावजूद इस संबंध में ब्रिटेन के लोगों की एक राय नहीं है और वह इराक तथा अफगानिस्तान की लड़ाई में अपने देश के हिस्सा लेने से हुए पिछले अनुभवों को लेकर चिंतित हैं। वहीं दूसरी ओर, अमेरिकी पत्रकारों और ब्रिटेन के एक राहत कार्यकर्ता का सिर आतंकवादियों द्वारा कलम किए जाने की घटना से वे काफी परेशान भी हैं।