लंदन। ब्रिटेन में एक सांसद अपने आईपैड पर लोकप्रिय पजल गेम 'कैंडी क्रश' खेलते हुए पाए गए। वह इस दौरान वह संसदीय समिति की एक महत्वपूर्ण मीटिंग में भाग ले रहे थे।
ब्रिटिश अखबार 'द गार्जियन' के मुताबिक, कंजरवेटिव पार्टी के एमपी नाइजेल मिल आज ऑनलाइन गेम खेलते हुए तब पकड़े गए, जब वह वर्क एंड पेंशन कमेटी की मीटिंग में भाग ले रहे थे। मिल अंबेर वैली से 2010 में सांसद निर्वाचित हुए थे।
इस बारे में जब उनसे पूछा गया, तो उन्होंने यह स्वीकार किया कि वह मीटिंग पर पूरा ध्यान नहीं दे पा रहे थे, शायद उनके आईपैड पर एक या दो गेम चल रहे थे।
उन्होंने कहा, ''मुझे ऐसा नहीं करना चाहिए था। यदि आप मीटिंग के बारे में चेक करें, तो मैं यही कहना चाहूंगा कि मैं पूरी तरह से सवाल पूछने में व्यस्त था। मैंने खासतौर से यह सोचा था कि हम पेंशन के मुद्दे को कितना जरूरी मानते हैं। मैं कोशिश करूंगा कि भविष्य में फिर ऐसा नहीं हो।''