नियामे। नाइजीरिया के आतंकी संगठन बोको हरम ने पड़ोसी देश कैमरून और नाइजर में भी दहशत फैला रखी है। बोको हरम के आतंकियों ने कैमरून में एक बस में सवार तीस यात्रियों का अपहरण कर लिया। न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बताया कि बोको हरम के सदस्यों ने उत्तरी कैमरून के एक गांव पर हमला कर एक बस को अगवा कर लिया और उसे नाइजीरियाई इलाके में ले गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि आतंकवादियों ने उत्तरी कैमरून के कोजा इलाके में हमला कर इस बस को अपने कब्जे में लिया और उसे यहां से ग्यारह किलोमीटर दूर नाइजीरियाई क्षेत्र में ले गए। बता दें कि बोको हरम के डर से नाइजीरिया में लगभग दस लाख लोगों को पलायन करना पड़ा है। वहीं, अब यह आतंकी संगठन पड़ोसी देश कैमरून और नाइजर को भी निशाना बना रहा है।
नाइजर में बोको हरम के हमले में पांच की मौत
नाइजर के दिफ्फा शहर में बोको हरम के हमले में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बम धमाका एक कार में रखे गए विस्फोटक के कारण हुआ। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। उन्होंने बताया कि नाइजर के दिफ्फा शहर में बोको हरम के द्वारा पिछले चार दिन के दौरान किया गया यह तीसरा हमला है।