पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पूर्वी यूक्रेन में होगा युद्ध विराम, पुतिन ने की घोषणा

पूर्वी यूक्रेन में युद्धविराम पर बनी सहमति, रविवार से लागू होगा युद्धविराम

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसुआ होलांद, जर्मनी की चांसलर एंजेला मार्केल (बाएं से दाएं)
मिन्स्क। पूर्वी यूक्रेन के संकट को खत्म करने के लिए बेलारूस की राजधानी मिन्स्क में लगभग 15 घंटों तक रूस, फ्रांस, जर्मनी और यूक्रेन के नेताओं के बीच बातचीत चली, जिसके बाद युद्धविराम पर सहमति बन गई। सहमति के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया कि युद्धविराम 15 फरवरी से लागू होगा। उन्होंने यूक्रेन से अपील की कि पूर्वी यूक्रेन में रूसियों के अधिकारों को सम्मान करते हुए संवैधानिक सुधार लागू किए जाएं। वहीं, फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद ने भी युद्धविराम पर बनी सहमति की पुष्टि कर दी है। इससे पहले यूक्रेन ने रूस पर युद्धविराम के लिए अमान्य शर्तें थोपने का आरोप लगाया था। बीते साल अप्रैल से लेकर अभी तक पूर्वी यूक्रेन के दो प्रांतों में यूक्रेन की सेना और रूस समर्थित अलगाववादियों के बीच जारी संघर्ष में कम से कम 5300 लोगों की जान जा चुकी है। बीते कुछ हफ्तों में इस संघर्ष में मारे जाने वाले लोगों की संख्या काफी बढ़ गई थी।
क्या है समझौते में
> संघर्ष वाले क्षेत्रों से भारी हथियारों को हटा लिया जाएगा। यह प्रक्रिया 17 फरवरी से दो सप्ताह तक चलेगी।
> सभी कैदियों को छोड़ दिया जाएगा। संघर्ष में शामिल लोगों को माफ कर दिया जाएगा।
> यूक्रेन की धरती से सभी विदेशी लोग, मशीनरी, हथियार वापस लिए जाएंगे। अवैधानिक संगठनों और समूहों को भंग किया जाएगा।
> यूक्रेन सरकार को विद्रोही इलाकों में एक बार फिर से सामान्य स्थिति में लाने की इजाजत दी जाएगी। सभी तरह के प्रतिबंधों को वापस लिया जाएगा।
> 2015 के अंत तक विद्रोही इलाकों में संवैधानिक सुधार किए जाएंगे।
> इस साल के अंत तक यूक्रेन, रूस के साथ अपनी सीमा पर नियंत्रण रखना शुरू कर देगा।