बीजिंग। चीन ने खनन टाइकून और हानलोंग समूह के पूर्व अध्यक्ष ल्यू हान को भ्रष्टाचार के जुर्म में फांसी पर लटका दिया। न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि ल्यू हान को भ्रष्टाचार के जुर्म में पिछले साल मई में मौत की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद हुबेई प्रांत की हाई पीपुल्स कोर्ट ने उनको फाँसी पर चढ़ाने का आदेश दिया।
दो साल पहले राष्ट्रपति शिनपिंग के देश की सत्ता संभालने के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ छेड़े गए अभियान में किसी बिजनेसमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का यह सबसे हाई प्रोफाइल मामला था।
चीन के अमीर लोगों की सूची में किसी वक्त ल्यू का स्थान 230वां था। भ्रष्टाचार के मामले में उन पर पिछले साल मामला चलाया गया था।
ल्यू के साथ ही हत्या और माफियाओं का गिरोह चलाने के आरोप में 36 अन्य लोगों के खिलाफ भी पिछले साल मामला चलाया गया था। ल्यू के छोटे भाई ल्यू वी और तीन अन्य लोगों को भी फांसी दी गई है।
चीन सरकार ने तीन दशक तक बेहद प्रभावशाली नेता रहे झोऊ योंगकांग पर सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी में सत्ता संघर्ष से जुड़े होने के आरोप में मामला चलाने की घोषणा भी पिछले वर्ष की थी। सूत्रों ने बताया कि ल्यू झोऊ के सबसे बड़े बेटे का बिजनेस असोसिएट था।