बीजिंग। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के कटु आलोचक रहे 81 वर्षीय लेखक तिये लिउ को पुलिस ने बीजिंग में हिरासत में ले लिया है।
तिये के दोस्त और पेशे से वकील लि शियाओयूआन ने बताया कि वयोवृद्ध लेखक को इस हफ्ते के अंत में झगड़ा-फसाद करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। यह आरोप अक्सर उन लोगों पर ही लगाए जाते हैं, जो कम्युनिस्ट पार्टी की सत्ता को चुनौती देते हैं।
तिये के घर पर दस पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी की और वे उनके चार लैपटॉप, कंम्प्यूटर,
मोबाइल फोन, किताबें और पत्रिकाएं भी ले गए। तिये के साथ उनके सहयोगी हुआंग जिंग को भी हिरासत में लिया गया है।
तिये ने कुछ दिन पहले ही कम्युनिस्ट पार्टी के एक प्रमुख अधिकारी के खिलाफ लेख लिखा था। तिये पिछले मई में 81 साल के हुए हैं और उन्होंने 20 साल लेबर कैंप में गुजारा है। चीन प्रशासन के इस कदम की कई मानवाधिकार संगठनों ने कड़ी आलोचना की है।