पेशावर। पाकिस्तान में प्रसिद्ध भारतीय फिल्म अभिनेताओं दिलीप कुमार और राज कपूर के मकानों को सांस्कृतिक विरासत घोषित किया जाएगा। इन्हें संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां उनकी कई पुरानी ऐतिहासिक तस्वीरों को लगाया जाएगा।
पर्यटन एवं पुरातत्व विभाग के प्रांतीय मंत्री के सलाहकार अजमद अफरीदी ने गुरुवार को दिलीप कुमार के 92वें जन्मदिन पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इसकी घोषणा की।
अफरीदी ने कहा कि प्रसिद्ध भारतीय फिल्म अभिनेता दिलीप कुमार और राज कपूर के मकान को विरासत घोषित होने के बाद इनकी सुरक्षा और संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने इनकी सुरक्षा और संरक्षण पर कोई ध्यान नहीं दिया था।
दिलीप कुमार का मकान खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर के ऐतिहासिक किस्सा ख्वानी बाजार के समीप स्थित है। यहीं पर उनका 11 दिसंबर, 1922 को जन्म हुआ था।