मैक्सिको की जेल में दंगा, 52 कैदी मारे गए
मांटेरे (मैक्सिको) | उत्तरी मैक्सिको के मांटेरे की एक जेल में गुरुवार को कैदियों के दो गुटों की लड़ाई में 52 कैदियों की मौत हो गई। जबकि 12 घायल हो गए। नीवो लेयोन प्रांत के गवर्नर जेमी रोड्रिग्ज ने बताया कि संघर्ष की शुरुआत कुख्यात जेतास ड्रग कार्टेल के सदस्यों ने की। राहतकर्मियों ने मांटेरे के टोपो चिको जेल से से घायलों और मृतकों को निकाला। इनमें से ज्यादातर बुरी तरह झुलस गए थे। उन्होंने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के ही जेल से चिल्लाने और धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। एक इमारत में धुआं उठता दिखाई दे रहा था। अधिकारियों के अनुसार कोई भी कैदी फरार नहीं हुआ है। दंगे का कारण साफ नहीं हो पाया है।