रक्का। अमेरिकी राष्ट्रपति
बराक ओबामा के बाद अब उनकी पत्नी मिशेल ओबामा को इस्लामिक हैकर्स की ओर से धमकी मिली है। हैकर्स ने फर्स्ट लेडी के नाम ट्वीट किया, 'ब्लडी वेलेन्टाइन डे मिशेल ओबामा! हम तुम्हें, तुम्हारी बेटियों व तुम्हारे पति को वॉच कर रहे हैं।' यह धमकी ISIS से जुड़े 'Cyber Caliphate' नाम के एक हैकर ग्रुप ने दी है। मंगलवार को हैकर्स ने वेबसाइट 'न्यूजवीक' का
ट्विटर हैंडल 14 मिनट के लिए (सुबह 10.45 से 10.59 बजे) हैक कर लिया था। इस दौरान कई ट्वीट किए गए, जिसमें से मिशेल को दी गई धमकी भी शामिल है। बहरहाल, अमेरिकी एजेंसी एफबीआई मामले की जांच कर रही है।
हैकर्स ने न सिर्फ न्यूजवीक का ट्विटर अकाउंट हैक किया, बल्कि पेंटागन से चुराए दस्तावेजों को भी इंटरनेट पर लीक कर दिया। हैकर्स ने लिखा, "अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ सीरिया,
इराक और अफगानिस्तान में हमारे भाइयों का कत्ल कर रहा है। हम उसके नेशनल साइबर सिक्युरिटी सिस्टम को अंदर से खोखला कर रहे हैं।" बता दें कि इन सभी पोस्ट को CyberCaliphate हैशटैग से ट्वीट किया गया था।
हैकर्स ने यह भी धमकी दी है कि आईएसआईएस अमेरिका पहुंच चुका है। साथ ही कहा, "तुम (अमेरिका) जितना सोच भी नहीं सकते, हम तुम्हारे उतने करीब हैं।" इसके अलावा, हैकर्स ने फ्रांस की व्यंग्य पत्रिका 'चार्ली हेब्दो' पर हमले के बाद वायरल हुए हैशटैग 'जे सुईस चार्ली' की तर्ज पर 'जे सुईस आईएस' हैशटैग भी लगाया, जिसका मतलब है 'मैं आईएस हूं।'
वेबसाइट के कहने पर ट्विटर ने उन सभी ट्वीट्स को हटा दिया है, जो हैकर्स द्वारा पोस्ट किए गए थे। गौरतलब है कि बीते महीने इस्लामिक स्टेट के आतंकियों ने व्हाइट हाउस में घुसकर ओबामा का सिर काटने की धमकी दी थी। आतंकियों ने यह भी कहा था, "हम जल्द अमेरिका आ रहे हैं। हम अमेरिका को भी इस्लामिक स्टेट बनाएंगे।"
आगे देखें संबंधित ट्वीट...