पेरिस। फ्रेंच प्रेसीडेंट फ्रांसुआ ओलांद अपनी पार्टनर और फ्रांस की प्रथम महिला वेलेरी ट्रिअरवेलर से अलग हो गए हैं। पहचान सार्वजनिक न करने की शर्त पर राष्ट्रपति के एक सहायक ने इस बात की पुष्टि की है कि ओलांद ने वेलेरी के साथ अपने सात साल लंबे रिलेशनशिप को खत्म कर लिया है। ओलांद और एक अभिनेत्री के कथित प्रेम प्रसंगों की खबरों से दोनों के रिश्तों में खटास आ गई थी। वेलेरी आज से भारत की धर्म यात्रा पर रवाना हो रही हैं जबकि ओलांद इसके खिलाफ हैं।
वेलेरी और ओलांद 2006 से पार्टनर हैं। ओलांद के साथ रहने से पहले वेलेरी दो लोगों से शादी कर तलाक ले चुकी हैं। वे एक धार्मिक कार्यक्रम के लिए भारत जा रही हैं। फ्रांसीसी मीडिया के अनुसार, ओलांद चाहते हैं कि उनके कथित प्रेम संबंधों का मामला सुलझने तक वे कहीं न जाएं। फ्रांस के राष्ट्रपति भवन एलिसी पैलेस से जारी सूचना में कहा गया था कि मीडिया में आ रही अलगाव संबंधी खबरें गलत हैं।
लगभग दो सप्ताह पहले एक मैगजीन क्लोजर ने ओलांद और फ्रांसीसी अभिनेत्री जूली गाए के कथित संबंधों का खुलासा किया था। इस निजी घटना ने मीडिया में ओलांद की बिजनेस-फ्रैंडली घोषणाओं की अच्छाइयों को दबा दिया था। इन घोषणाओं ने यूरोजोन की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में उम्मीदों की किरण जगाई थी। देश में बेरोजगारी की दर सबसे ज्यादा है।
ओलांद की प्रेस कांफ्रेंस पर भी उनकी निजी जिंदगी हावी रही। वे शुक्रवार को पोप फ्रांसिस से मिले उसमें भी उनके कथित रिश्ते ही ज्यादा हावी रहे। वेलेरी और ओलांद का विवाह नहीं हुआ है, लेकिन ओलांद के राष्ट्रपति बनने के बाद से वे फ्रांस की प्रथम महिला बन गई हैं।