ग्वांतेमाला सिटी। ग्वांतेमाला में फ्यूगो ज्वालामुखी से निकला राख का गुबार आसमान में फैल गया। इसके बाद सैकड़ों लोगों को उसके आस-पास के इलाके से हटा दिया गया। ज्वालामुखी की वजह से ग्वांतेमाला शहर के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी बंद करना पड़ा। राष्ट्रपति ओट्टो परेज ने मीडिया को बताया कि ज्वालामुखी से निकले राख के गुबार के चलते अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया है। हवाई अड्डे के आसपास रहने वाले करीब सौ लोगों को भी हटाया गया है।
ग्वांतेमाला शहर से 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में सक्रिय इस ज्वालामुखी के कारण कई उड़ानों को रद्द करना पड़ा। कर्मचारी हवाई अड्डे के रनवे को साफ करने में लगे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर लोगों को सांस लेने के लिए मास्क या गीले कपड़े का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। हवाईअड्डे के जल्द शुरू होने की उम्मीद है।