हांगकांग। मकाऊ के अपने लग्जरी होटल-रिजॉर्ट के लिए हांगकांग के बिजनेसमैन ने रॉल्स रॉयस कारों का अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर दिया है। उसने अपने होटल के लिए 30 फैन्टम कारों का ऑर्डर दिया है। स्टीफन हंग की ओर से दिया गया ये ऑर्डर 2006 में हांगकांग के पेनिनसुला होटल के लिए खरीदी गई 14 फैन्टम कारों से कहीं ज्यादा बड़ा है।
हंग और रॉल्स रॉयस के एग्जीक्यूटिव ने मंगलवार को इंग्लैंड में कंपनी की गुडवुड फैक्ट्री में समझौते पर साइन किया। इन व्हीलबेस फैन्टम कारों का इस्तेमाल हंग्स के नए लग्जरी होटल लुइस XIII में आने वाले मेहमान करेंगे। इस होटल के 2016 तक खुलने की उम्मीद है।
रॉल्स रॉयस की ओर से बताया गया कि ऑर्डर की गई कारों में से 2 कारें अब तक की सबसे महंगी कारें हैं। हालांकि, कंपनी की ओर से पूरे ऑर्डर की कीमत का खुलासा नहीं किया गया। फैन्टम का लिस्ट प्राइज 3 करोड़ 65 लाख के करीब है, जबकि खरीदारों की मांग के मुताबिक उसमें सुविधाएं बढ़ाने पर कीमत बढ़ जाती है।