(फाइल फोटो: इमरान खान)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में महीनों से चल रहा राजनीतिक विवाद थमता दिख रहा है। विपक्ष के नेता इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीके इंसाफ सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग सरकार से दोबारा बातचीत के लिए तैयार हो गई है। दोनों पक्ष रविवार से औपचारिक बातचीत को फिर बहाल करने पर सहमत हुए हैं। योजना व विकास मंत्री एहसान इकबाल ने कहा कि दोनों पक्षों ने फैसला किया है कि बैठक के बिंदु सार्वजनिक नहीं किए जाएंगे। बिंदु सार्वजनिक होने से अटकलों को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार राजनीतिक संकट को खत्म करने के प्रति गंभीर है।
उन्होंने कहा कि सरकार बातचीत के माध्यम से चार महीने से चले आ रहे इस संकट का हल तलाशने के प्रति गंभीर और ईमानदार है। उन्होंने कहा कि सरकार इस बात की जांच के लिए तैयार है कि चुनाव में धांधली हुई थी या नहीं। गौरतलब है कि इमरान खान के नेतृत्व वाली पीटीआई पिछले कुछ महीने से प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। पीटीआई का आरोप है कि पिछले वर्ष देश में हुए आम चुनाव में धांधली हुई थी।