न्यूयॉर्क। भारतीय
स्मार्टफोन के सबसे ज्यादा आदी होते हैं। एक सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है। सर्वे के मुताबिक 57 फीसद भारतीय ऐसे हैं जो अपने
स्मार्टफोन के बिना नहीं रह सकते हैं।
सर्वे के अनुसार तीन में एक भारतीय के लिए हफ्तेभर टीवी छोड़ना आसान है, लेकिन अपना स्मार्टफोन छोड़ना नहीं। फ्रांसिस्को की बी2एक्स केयर सॉल्यूशंस ने दुनियाभर के स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने वालों पर यह सर्वेक्षण किया।
सर्वे में स्मार्टफोन प्रयोग करने वाले पांच प्रमुख देशों भारत, अमेरिका, जर्मनी, ब्राजील और चीन के 2,500 से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया।
सर्वे से पता चला है कि अमेरिका और चीन के लोगों को अपना स्मार्टफोन ठीक कराने के लिए 24 घंटे से कम समय इंतजार करना पड़ता है, वहीं भारत, ब्राजील और जर्मनी में इसी काम में औसतन आठ दिन का समय लग जाता है।
अमेरिकी फोन को मरम्मत कराने की प्रक्रिया से सर्वाधिक संतुष्ट पाए गए, जबकि ब्राजील के लोग सबसे ज्यादा असंतुष्ट। अमेरिका में 16-29 साल उम्र के 98% लोग अपना स्मार्टफोन पास रखकर सोते हैं। 13% अमेरिकी 500 डॉलर लेकर भी 1 हफ्ते के लिए अपना फोन छोड़ने को तैयार नहीं थे।