(हैप्पी गाने पर डांस करते ईरानी युवाओं की वीडियो से निकाली गई तस्वीर)
तेहरान। ईरान में हैप्पी गाने पर डांस करने वाले छह युवाओं को छह महीने जेल और 91 कोड़े मारे जाने की सजा सुनाई गई है। सजा पाने वालों में 3 युवतियां और 3 पुरुष शामिल हैं। वहीं, वीडियो के डायरेक्टर ससान सुलेमानी को एक साल कैद और 91 कोड़े की सजा सुनाई गई है। हालांकि, इन सभी के लिए एक राहत की भी बात है कि सजा को एक निश्चित समय के लिए सस्पेंड रखा गया है।
इनके वकील फरशिद रोफुगर ने स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि तीन साल के अंदर अगर दोबारा ये ऐसे किसी आरोप में गिरफ्तार नहीं हुए, तो उनकी सजा खारिज कर दी जाएगी। वहीं, तीन साल के अंदर अगर दोबारा उन्हें ऐसे किसी अपराध में शामिल पाया गया, तो उन्हें सजा का सामना करना पड़ेगा।
यू-ट्यूब पर डाला गया इनका वीडियो वायरल होने के बाद इन सभी को इसी साल मई में गिरफ्तार किया गया था। ईरानी प्रशासन ने वीडियो में पाया था कि महिलाएं पुरुषों के साथ डांस कर रही हैं और उन्होंने हिजाब भी नहीं पहन रखा है। ये दोनों ही बातें शरीया के लिहाज से गैरकानूनी हैं। इसके बाद इन सभी को नेशनल टेलीविजन पर अपने इस काम के लिए माफी मांगनी पड़ी। हालांकि, अपनी गलती मानने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
एमेनेस्टी ने की मामले की निंदा
इस मामले की मानवाधिकार संगठन एमेनेस्टी इंटरनेशनल ने जमकर निंदा की। संगठन की ओर से कहा गया कि ईरान में अभिव्यक्ति की आजादी पर पहले से ही तमाम पाबंदियां लगी हुई हैं। सेटेलाइट डिश पर पाबंदी, इंटरनेट से जुड़े तमाम प्रतिबंध, पत्रकारों, कलाकारों को जेल में बंद करना ईरान की पुरानी आदत रही है। ईरानी प्रशासन को इन लोगों को तंग नहीं करना चाहिए और इनके खिलाफ चलाने जा रहे बेतुके मामले को बंद कर देना चाहिए।
आगे देखिए: डांस के वीडियो से निकाली गईं कुछ तस्वीरें और वीडियो