पेरिस। इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के विरुद्ध रणनीति पर विचार के लिए 30 देशों के विदेश मंत्रियों का सम्मेलन फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद के उद्घाटन के साथ शुरू हुआ। इस बीच फ्रांस ने सोमवार को अपना टोही विमान
इराक भेज दिया। उन्होंने कहा कि इस्लामिक स्टेट का खतरा अंतरराष्ट्रीय है, इसलिए हमें इसके विरूद्ध संघर्ष के लिए भी वैश्विक रुख अपनाना चाहिए।
सभी देशों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। इस बीच,
इराक के राष्ट्रपति फौवाद मासूम ने आशा व्यक्त की है कि फ्रांस सम्मेलन में भाग लेने वाले देश जेहादियों के विरुद्ध संघर्ष में मदद के लिए आगे आएंगे। इस सम्मेलन में मुख्य यूरोपीय देशों, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के पांच स्थाई सदस्य देशों, इराक के पड़ोसी और खाड़ी अरब देशों कतर सऊदी अरब, कुवैत और यूएई के विदेश मंत्री एकत्र हुए हैं। यह सभी इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों की समस्या को सुलझाने के लिए राजनीतिक, सुरक्षा और मानवीय पहलुओं पर चर्चा करेंगे।