अलेप्पो। इस्लामिक स्टेट ने नया प्रोपेगैंडा वीडियो जारी किया है। इस बार के वीडियो में ब्रिटिश बंधक जॉन कैंटली सीरिया के अलेप्पो की रिपोर्टिंग करता दिख रहा है। 12 मिनट के वीडियो 'फ्रॉम इनसाइड हलब' में कैंटली अलेप्पो की सड़कों पर आईएसआईएस लड़ाकों का इंटरव्यू लेता है। साथ ही एक फ्रांसीसी लड़ाके से भी बात करता है, जो भविष्य में फ्रांस पर हमला करना चाहता है। वह कहता है कि पश्चिमी देशों में लाखों मुसलमानों पर जुल्म किए जा रहे हैं। कैंटली ने वीडियो में दावा किया है कि यह सीरीज का आखिरी वीडियो है।
क्या है वीडियो में
वीडियो में कैंटली कृषि संपन्न शहर अलेप्पो की सड़क पर घूमते हुए दिखता है। वह दावा करता है कि इस शहर की अर्थव्यवस्था कृषि प्रधान है। खाने को पैक करके बिना किसी मुनाफे के बेचा जाता है। हाई डेफिनेशन वीडियो में कैंटली जो भी बोलता है कि उसकी स्क्रिप्ट आतंकी लिखते हैं। फुटेज में भेड़ों को चरते हुए और बाजारों और मस्जिदों के भीड़भाड़ वाले शॉट्स लिए गए हैं।
कैंटली शहर के धार्मिक स्कूल में जाता है। वहां बच्चों को धार्मिक आयतें पढ़ते हुए दिखाया गया है। इसमें पत्रकार इस्लामिक स्टेट की शिक्षा व्यवस्था का गुणगान करता है। वह बताता है कि यहां मुजाहिद्दीनों की नई पीढ़ी तैयार की जा रही है। स्कूल से निकलने के बाद कैंटली अलेप्पो के उपनगर अल-बाब में दिखाई देता है। यहां वह ड्रोन सर्विलांस एयरक्राफ्ट पर नजर डालता है।
आईएसआईएस का यह 10वां वीडियो है और कैंटली तीसरी बार इस्लामिक स्टेट के कब्जे वाले शहर का टूर गाइड कर रहे हैं। इससे पहले इस्लामिक स्टेट का मोसुल और कोबानी शहर का टूर वीडियो जारी किया गया था। सीरिया का सबसे बड़ा शहर अलेप्पो इस्लामिक स्टेट के कब्जे में हैं। यहां आईएसआईएस, विद्रोही गुट फ्री सीरियन आर्मी और असद सेना के बीच जंग जारी है। बीते चार साल के गृहयुद्ध में शहर की कई प्राचीन विश्व धरोहरें बर्बाद हो चुकी हैं।
आगे की स्लाइड में देखें तस्वीरें...