त्रिपोली। लीबिया की राजधानी त्रिपोली में शुक्रवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने मिस्र के राजनयिक को अगवा कर लिया। अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अगवा राजनयिक त्रिपोली स्थित मिस्र के दूतावास में प्रशासनिक अताशे के तौर पर कार्यरत थे।
इस मामले में मिस्र के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि राजनयिक की सकुशल रिहाई की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, उन्होंने और किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया ।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अपहरण की ये घटना मिस्र में ऑपरेशन रूम ऑफ लीबिया रिवोल्यूशनरी के नेता शबान हादिया की गिरफ्तारी के कुछ घंटों के बाद हुई। ये लीबिया के शक्तिशाली समझे जाने वाले मिलिशिया संगठन में से है। बताया जा रहा है कि हादिया अपने परिवार के साथ हेल्थ चेकअप के लिए आए थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मिस्र के विदेश मंत्रालय ने हादिया के गिरफ्तारी के बारे में किसी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है।
इधर, ऑपरेशन रूम ऑफ लीबिया रिवोल्यूशनरी के एक नेता ने इस अपहरण की जिम्मेदारी से इनकार किया और मिस्र सरकार को चेतावनी देते हुये कहा कि अगर हादिया को जल्द रिहा नहीं किया गया तो संगठन की तरफ से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लीबिया की राजनीति में इस संगठन का खासा प्रभाव है। इस संगठन ने देश के पूर्व राष्ट्रपति मुअम्मर गद्दाफी को सत्ता से बेदखल करने में नाटो देशों की भरपूर सहायता की थी। इससे पहले यह संगठन विदेशी नागरिकों पर हमले और उनके अपहरण को लेकर भी कुख्यात रहा है।
अंतरराष्ट्रीय जगत की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप हमसे फेसबुक और ट्विटर पर भी जुड़ सकते हैं। यहां क्लिक करके डाउनलोड करें हमारी मोबाइल एप्लीकेशन।